Chandan Singh

'बारिश के पिंजड़े में' यशस्वी कवि चन्दन सिंह का संग्रह है। चन्दन सिंह अतिशय भावप्रवण और विरल भाव-लोक के कवि हैं। सूक्ष्म, मसृण तंतुओं से बुनी हुईं इनकी कविताएँ सामान्य जीवन प्रसंगों को अलौकिक आभा से आविष्ट करतीं एक समानान्तर संसार की सृष्टि करती हैं। ऐसे युग में जब अधिकांश कविताएँ वक्तव्य-आश्रित हों तब चन्दन सिंह की कविता बिम्बों के माध्यम से समतुल्य भाव की प्रस्तुति की प्रतिज्ञा से परिचालित होती है। इसीलिए वे सान्द्र, ऐन्द्रिक और धारोष्ण होती हैं- तुम गा रही थीं और मेरे हाथों में खरगोश भर आए थे। पूरा संग्रह घने, आर्द्र रूपकों और उपमानों से भरा है, जैसा कि 'भुट्टा' या 'मर्मज्ञ' सरीखी कविताएँ प्रमाणित करती हैं।

चन्दन सिंह जीवन के द्वन्द्व, जटिल गिट्ठों और ज़रा-मरण के संश्लिष्ट अनुभवों का संधान करते हुए एक ऐसे काव्य की रचना करते हैं जो अनेक स्तर और पर्तों से वलयित होता है। अकारण नहीं कि उनकी अनेक कविताएँ जीवन और मृत्यु की संधि-रेखा पर अवस्थित हों, जैसे 'चारुकेशी', या 'किसी और ने उसकी पलकें मूँदीं' - चारुकेशी लम्बे घने केशों वाली एक युवती है जो कीमोथेरेपी में सारा कुछ खो देती है और फिर माथे पर नये केश अंकुरित होते हैं- यह जीवन का प्रस्फुटन एवं दवाब है जिसकी प्रशस्ति के गीत कवि ने रचे हैं। ये वे कविताएँ हैं जहाँ वे शाश्वत, मूलभूत प्रश्नों को विन्यस्त करते हैं। इसके साथ ही चन्दन बार-बार तत्काल की ओर लौटते हैं, अपने समकालीन जगत की ओर - 'समय को आप ऐसे भी जान सकते हैं'- एक बुढ़िया की खाँसी, नल में पानी की पहली आवाज़, गाए जा रहे किसी विशेष राग, या कुत्तों के सामूहिक रुदन से। कालाहांडी श्रृंखला इसका मार्मिक उदाहरण है। चन्दन की मान्यता है कि 'अपने समय में रहता है कवि जैसे फल की कुठरिया में रहता है बीज'। और जब इस 'बीज का गुणा मिट्टी के साथ' होता है 'तो एक पेड़ पर फलते हैं कई कई फल' (बीजगणित)। तब कवि के अंतःकरण का आयतन इतना प्रशस्त होता है कि उसे लगता है' वह हवा जो अभी अभी सायकिल की ट्यूब में भरी गयी मेरी साँस भी बन सकती थी'। बाह्य के साथ स्व का ऐसा तादात्म्य विरल है। और यही चन्दन की विशिष्टता है।

चन्दन सिंह विलक्षण कवि है, चाक्षुष और श्रवण बिम्बों के सहज स्थपति। और व्यक्ति के आभ्यन्तर को आलोकित करने वाले निपुण कवि। इस संग्रह का प्रकाशन निश्चय ही समकालीन हिन्दी कविता को एक नये आस्वाद, सौन्दर्य बोध और भाव-पुंज से समृद्ध करेगा।