Priyadarshan

Priyadarshan

रांची में 24 जून 1968 को जन्मे प्रियदर्शन की पूरी पढ़ाई-लिखाई रांची में ही हुई। 1993 में उन्होंने अंग्रेज़ी में एम.ए. तथा पत्रकारिता में स्नातक किया। पढ़ाई के दिनों से ही वे नियमित पत्रकारिता और लेखन से जुड़े रहे।

विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में कार्य करने के बाद 1996 में वे 'जनसत्ता' में सहायक संपादक के रूप में जुड़े। वहाँ उन्होंने संपादकीय पृष्ठ तथा 'रविवारी जनसत्ता' का संपादन किया। वर्ष 2003 से वे एनडीटीवी से जुड़े और वर्तमान में वहाँ वरिष्ठ कार्यकारी संपादक के रूप में कार्यरत हैं।

पिछले तीन दशकों में प्रियदर्शन ने हिंदी की अनेक प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में विविध विषयों पर लेखन किया है। उनकी लगभग 20 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इनमें उपन्यास 'ज़िंदगी लाइव', कहानी-संग्रह 'उसके हिस्से का जादू', 'बारिश, धुआँ और दोस्त', 'हत्यारा और अन्य कहानियाँ', 'सहेलियाँ और अन्य कहानियाँ', कविता-संग्रह 'नष्ट कुछ भी नहीं होता' तथा 'यह जो काया की माया है' प्रमुख हैं।

उनका नाटक 'बेटियाँ मन्नू की' कई शहरों में मंचित हो चुका है। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण पुस्तकों का हिंदी में अनुवाद भी किया है, जिनमें सलमान रुश्दी की मिडनाइट्स चिल्ड्रेन तथा अरुंधति रॉय की द ग्रेटर कॉमन गुड शामिल हैं। समकालीन मीडिया, सिनेमा और विचार से जुड़े विषयों पर भी उन्होंने कई पुस्तकें लिखी हैं।