इनफॉर्मर को सही मायनों में समझने के लिए पाठक का पहले “हैशटैग” पढ़ना लगभग ज़रूरी हो जाता है, क्योंकि वहीं से यह स्पष्ट होता है कि समर प्रताप सिंह कौन है, उसका भावनात्मक निर्माण कैसे हुआ और किन मानसिक उलझनों व असफल प्रेम से गुज़रकर उसने फौजी बनने का रास्ता चुना। हैशटैग उसके भीतर के टूटे हुए इंसान को सामने लाती है, जबकि इनफॉर्मर उसी इंसान को देश के लिए खुद को मिटा देने वाले सैनिक में बदलते हुए दिखाती है।कर्नल गौतम राज ऋषि ने इस किताब में मिलिट्री ट्रेनिंग को किसी फिल्मी रोमांच की तरह नहीं, बल्कि एक कठोर, क्रूर और यथार्थ अनुभव की तरह लिखा है। ट्रेनिंग कैंप का माहौल, अनुशासन, शारीरिक थकान, मानसिक दबाव और सीमाओं को तोड़ने की प्रक्रिया इतनी जीवंत है कि पाठक खुद उस मैदान में खड़ा महसूस करता है। समर का संघर्ष, बार-बार गिरना और फिर उठना, और अंततः पैरा कमांडो बनना यह साबित करता है कि एक सैनिक वर्दी से नहीं, बलिदान से बनता है।ट्रेनिंग के बाद समर की पोस्टिंग और फिर उसकी ज़िंदगी का सबसे संवेदनशील और खतरनाक मोड़ आता है, जब उसे अपनी पहचान त्यागकर एक दूसरी पहचान के साथ इनफॉर्मर बनना पड़ता है। दुश्मन के बीच रहकर सूचनाएँ निकालना, हर पल शक और मौत के साए में जीना—यह सब उसकी दिनचर्या बन जाता है। इसी दौरान एक मानवीय जुड़ाव भी जन्म लेता है, जो उसे भीतर ही भीतर अपराधबोध और गिल्ट में रखता है, क्योंकि वह जानता है कि उसका हर रिश्ता, हर भावना एक मिशन का हिस्सा है।इस कहानी की सबसे बड़ी ताक़त यह है कि समर प्रताप सिंह को लेखक ने एक आदर्श नायक नहीं, बल्कि एक flawed human being के रूप में पेश किया है। प्रोफेशनली वह जितना मज़बूत और अनुशासित है, व्यक्तिगत रूप से उतना ही उलझा हुआ है। असफल और एकतरफ़ा प्रेम उसे भावनात्मक रूप से इतना तोड़ देता है कि वह रिश्तों और भावनाओं को समझने की क्षमता खोने लगता है। उसके भीतर आकर्षण, भ्रम, मोह और अस्वीकृति की पीड़ा एक साथ चलती रहती है। वह प्यार को पाने की चाह में इतना भटक जाता है कि सामने मौजूद सच्ची भावना को पहचान नहीं पाता। धीरे-धीरे यह पीड़ा उसे स्त्रियों को एक भावनात्मक इंसान की बजाय केवल बाहरी सुंदरता के चश्मे से देखने की ओर धकेल देती है—जो उसके चरित्र की सबसे कड़वी, लेकिन सबसे मानवीय सच्चाई है।कहानी में एक के बाद एक कई अहम सैन्य ऑपरेशंस आते हैं, जिनके ज़रिए भारतीय सेना के रहन-सहन, नियम-कायदों, रणनीति और आपसी भाईचारे को बहुत बारीकी से दिखाया गया है। खासतौर पर कश्मीर का परिवेश, वहाँ का तनाव, आतंकवादियों से लगातार जूझता जीवन और हर पल बनी रहने वाली अनिश्चितता पाठक को यह एहसास कराती है कि देश की सुरक्षा कितनी भारी क़ीमत पर आती है।इस किताब की एक बेहद ख़ास खूबी यह है कि हर बड़े दृश्य के बाद दी गई शायरी। यह शायरी आने वाले दृश्य की भावनात्मक समरी की तरह काम करती है और कहानी को और गहराई देती है।इनफॉर्मर उस समयकाल में रची-बसी है जब देश पुलवामा अटैक, आर्टिकल 370 के हटने और 2019 के राजनीतिक-सामाजिक माहौल से गुजर रहा था। उसी दौर की घटनाएँ, जनभावनाएँ, बॉलीवुड फिल्मों और गानों के संदर्भ कहानी को ज़मीन से जोड़ते हैं और उसे और भी वास्तविक बनाते हैं।कुल मिलाकर, इनफॉर्मर सिर्फ़ आतंकवाद या मिलिट्री मिशन की कहानी नहीं है, बल्कि यह उस खामोश युद्ध की कथा है जो एक सैनिक अपने भीतर लड़ता है—कर्तव्य बनाम भावना, देश बनाम व्यक्तिगत जीवन, और ताक़त बनाम कमज़ोरी। यह किताब शुरू से अंत तक थ्रिलर की तरह बांधे रखती है और यह एहसास छोड़ जाती है कि वर्दी के पीछे भी एक इंसान होता है—अपने दोषों, भ्रमों और अधूरी चाहतों के साथ।